भवाली: बाबा नीब करौरी महाराज के पावन कैंची धाम स्थापना दिवस एवं वार्षिक मेले-2026 के अवसर पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु कैंची धाम पहुंच रहे हैं। बाबा के दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा, यातायात और व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए 1500 से अधिक पुलिस एवं पैरामिलिट्री जवानों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही SDRF, ATS, बम निरोधक दस्ता (BDS) और LIU जैसी विशेष इकाइयों को भी सक्रिय किया गया है। मेले के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।
भारी भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए व्यापक ट्रैफिक प्लान और रूट डायवर्जन लागू किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भीमताल, भवाली, सैनिटोरियम, नैनीताल, खैरना, अल्मोड़ा, हल्द्वानी और काठगोदाम से शटल सेवाएं संचालित की जा रही हैं। साथ ही विभिन्न स्थानों पर पार्किंग की समुचित व्यवस्था भी की गई है।

15 जून की सुबह 5 बजे बाबा नीब करौरी महाराज के पावन आशीर्वाद के साथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे और वार्षिक मेले का विधिवत शुभारंभ होगा।
नैनीताल पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, धैर्य बनाए रखें और बाबा के दिव्य दर्शनों का पुण्य लाभ प्राप्त करें। आस्था, सेवा और सुरक्षा के इस महापर्व को सफल बनाने के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रही है।







