देहरादून: भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को देश के इतिहास का परिवर्तनकारी दौर बताया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री खजान दास, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने बीते 12 वर्षों में हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने कहा कि आज भारत केवल दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर एक मजबूत और निर्णायक शक्ति के रूप में उभरा है।
धामी ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। गरीबों के लिए आवास, मुफ्त राशन, शौचालय, गैस कनेक्शन, स्वास्थ्य सुविधाएं और बैंकिंग सेवाएं सुनिश्चित कर सरकार ने जनकल्याण को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति विकास और संतुष्टिकरण की है, जबकि विपक्ष केवल तुष्टिकरण की राजनीति करता रहा है।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के पुनर्निर्माण ने राज्य को वैश्विक पहचान दिलाई है। सीमांत गांवों में वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत विकास कार्यों ने लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। होमस्टे योजना से स्थानीय लोगों की आय बढ़ी है और पलायन पर भी रोक लगी है।
उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जो राज्य में बेहतर बुनियादी सुविधाओं और व्यवस्थाओं का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राम मंदिर निर्माण, धारा 370 हटाना, तीन तलाक पर रोक, डिजिटल इंडिया और चंद्रयान जैसी उपलब्धियां नए भारत की पहचान बन चुकी हैं।

मीडिया संवाद के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा लाभार्थियों पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी भी प्रस्तुत की गई, जिसमें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक दिखाई गई।







