देश विदेश राज्य उत्तराखंड मनोरंजन अपराध धर्म लाइफस्टाइल प्रेस रिलीज़
---Advertisement---

उत्तराखंड की सड़कों पर दौड़ेंगी 59 नई बसें, CM धामी ने दिखाई हरी झंडी; तीन मंडलों को मिला आवंटन

By Smita Chouhan

Published on:

---Advertisement---

देहरादून –  उत्तराखंड में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास से उत्तराखंड परिवहन निगम की 59 नई साधारण बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बीएस-06 उत्सर्जन मानकों के अनुरूप इन बसों के निगम के बेड़े में शामिल होने से यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक परिवहन सेवाएं मिल सकेंगी।


नई बसों में से 19 बसें नैनीताल मंडल को, जबकि टनकपुर और देहरादून मंडल को 20-20 बसें आवंटित की गई हैं। इनका संचालन जरूरत के अनुसार विभिन्न मार्गों पर किया जाएगा, जिससे खासतौर पर पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पर्वतीय एवं दुर्गम क्षेत्रों में सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश के अंतिम छोर पर बसे गांवों तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए बेहतर सड़क संपर्क के साथ मजबूत सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि नई बसों से विभिन्न क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी और स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में सार्वजनिक परिवहन की महत्वपूर्ण भूमिका है। बेहतर परिवहन सेवाएं न केवल आमजन की आवाजाही आसान बनाती हैं, बल्कि दूरस्थ क्षेत्रों में आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी गति देती हैं। सरकार परिवहन सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

गौरतलब है कि वर्तमान में उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में कुल 1,276 बसें संचालित हैं। इनमें 891 निगम की अपनी और 385 अनुबंधित बसें शामिल हैं। अब 59 नई बसों के शामिल होने से निगम की परिवहन क्षमता में और इजाफा होगा। साथ ही बीएस-06 मानकों वाली बसें पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी सकारात्मक योगदान देंगी।

इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, समाज कल्याण मंत्री खजान दास, विधायक भूपाल राम टम्टा, सचिव एवं परिवहन आयुक्त रविनाथ रामन सहित परिवहन विभाग और उत्तराखंड परिवहन निगम के अधिकारी मौजूद रहे।

---Advertisement---

Leave a Comment