देहरादून:- उत्तराखंड में जमीन और संपत्ति के नामांतरण से जुड़े मामलों के निस्तारण में तेजी लाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चलाए गए विशेष विरासत अभियान से हजारों लोगों को राहत मिली है। अभियान के तहत निर्विवाद संपत्ति हस्तांतरण से जुड़े कुल 10,404 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें से 4,943 मामलों का निस्तारण किया जा चुका है। सरकार की इस पहल का उद्देश्य राजस्व संबंधी प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाकर आमजन को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत दिलाना है।

17 अक्टूबर 2026 को आयोजित म्यूटेशन डे के आंकड़ों के अनुसार, धारा-34 के तहत कुल 9,244 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें से 3,835 मामलों का निस्तारण किया गया। वहीं, धारा-33ए के तहत दर्ज 1,160 प्रकरणों में से 1,108 मामलों का निस्तारण हो चुका है। इस तरह दोनों धाराओं के अंतर्गत कुल 4,943 मामलों का समाधान किया गया है, जबकि शेष 5,461 प्रकरणों का निस्तारण किया जाना बाकी है।
लंबित मामलों के जल्द निस्तारण के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता आम जनता को सरकारी सेवाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि संपत्ति और विरासत से जुड़े निर्विवाद मामलों में अनावश्यक देरी के कारण लोगों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विशेष अभियान के माध्यम से इन मामलों का तेजी से समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के तहत प्राप्त सभी लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जाए और शेष मामलों का भी नियमानुसार जल्द से जल्द निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है।
राजस्व सेवाओं को सरल बनाने पर सरकार का जोर
राज्य सरकार का कहना है कि नामांतरण और विरासत संबंधी मामलों के त्वरित निस्तारण से लोगों को बड़ी राहत मिल रही है। साथ ही राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और जनहितैषी बनाने की दिशा में भी यह अभियान महत्वपूर्ण साबित हो रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने और नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अभियान के जरिए जहां संपत्ति हस्तांतरण के मामलों में तेजी आई है, वहीं आमजन का प्रशासनिक व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत करने का भी प्रयास किया जा रहा है।







