रुद्रप्रयाग: केदारनाथ यात्रा मार्ग पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां शॉर्टकट के चक्कर में दो श्रद्धालु गहरी खाई में जा गिरे। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना ने एक बार फिर यात्रा मार्ग पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को सूचना मिली कि केदारनाथ पैदल मार्ग के पोल संख्या 337 से 340 के बीच दो श्रद्धालु निर्धारित मार्ग छोड़कर शॉर्टकट रास्ते से नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और दोनों गहरी खाई में गिर गए।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, वाईएमएफ, आपदा मित्र और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाया। बचाव दल ने दोनों श्रद्धालुओं को खाई से बाहर निकाला, लेकिन तब तक एक युवक की जान जा चुकी थी।

मृतक की पहचान 27 वर्षीय प्रियांशु शुक्ला निवासी फर्रुखाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वहीं 27 वर्षीय मोहित, निवासी गोकुलपुरी, दिल्ली गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके पैर में फ्रैक्चर होने के बाद प्राथमिक उपचार के लिए गौरीकुंड भेजा गया है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि केदारनाथ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के शॉर्टकट का प्रयोग न करें। पर्वतीय क्षेत्रों में थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। सुरक्षित यात्रा के लिए केवल अधिकृत और निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें।







