देश विदेश राज्य उत्तराखंड मनोरंजन अपराध धर्म लाइफस्टाइल प्रेस रिलीज़
---Advertisement---

By Smita Chouhan

Published on:

---Advertisement---

खटीमा :- खटीमा में तीन दिवसीय उत्तराखंड आदि रंगोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया। आदि रंगोत्सव में उत्तराखंड समेत देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे जनजातीय कलाकारों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य, लोकसंगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए समृद्ध जनजातीय विरासत की झलक पेश की। थारू, बोक्सा, जौनसारी और राजी समेत विभिन्न जनजातीय समुदायों की संस्कृति ने कार्यक्रम में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की तस्वीर पेश की।


महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री धामी भी पारंपरिक रंग में नजर आए। उन्होंने कलाकारों के साथ थिरककर उनका उत्साह बढ़ाया और खुद ढोल बजाकर जनजातीय संस्कृति के प्रति अपना सम्मान और जुड़ाव जाहिर किया। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम को पौधा और महाराणा प्रताप की प्रतिमा भेंट कर स्वागत किया। वहीं फिल्म ‘हनुमान अंश’ के कलाकारों को भी पौधा, भगवान हनुमान की गदा और नीम करौली बाबा की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आदि रंगोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और गौरव का उत्सव है। ऐसे आयोजन देश के अलग-अलग जनजातीय समुदायों की विशिष्ट विरासत को सामने लाने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं से जोड़कर सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि जनजातीय समुदायों की सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को संरक्षित रखते हुए उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।


इस दौरान केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने खटीमा स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के विस्तार और सुविधाओं के विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से 10 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय मंत्रियों से पिथौरागढ़ क्षेत्र में भी एक आवासीय एकलव्य विद्यालय स्थापित किए जाने का अनुरोध किया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा अपने आप में मिनी इंडिया है, जहां अलग-अलग समुदायों की संस्कृति और परंपराएं एक साथ दिखाई देती हैं। उन्होंने जनजातीय परिवारों के आवास और मूलभूत सुविधाओं को लेकर राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी भी दी। मुख्यमंत्री के मुताबिक अटल आवास योजना के तहत ऊधम सिंह नगर में 3 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत इस वर्ष प्राप्त आवेदनों में करीब 28 प्रतिशत आवेदन जनजातीय समाज के परिवारों से हैं। वहीं प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत प्रथम चरण में 824 और द्वितीय चरण में 101 आवासों का निर्माण किया जा चुका है।


शिक्षा के क्षेत्र में भी जनजातीय समाज के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि आश्रम पद्धति विद्यालयों, छात्रावासों और आईटीआई के विकास के लिए धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है। बाजपुर में 100 बेड के बालक छात्रावास का निर्माण किया जा रहा है, जबकि बालिका छात्रावास के लिए भी 4 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। थारू राजकीय इंटर कॉलेज के सौंदर्यीकरण और आधुनिकीकरण का काम भी जारी है।


कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने खटीमा के अंजनिया गांव निवासी बीएसएफ जवान मोहन सिंह राणा और चारूबेटा की टीला सेन को माउंट एवरेस्ट फतह करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि दोनों की उपलब्धि ने थारू समाज के साथ पूरे उत्तराखंड का मान बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से जनजातीय समाज को रोजगार और प्रशिक्षण से जोड़ा जा रहा है। उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, विपणन को बढ़ावा देने और आर्थिक सहायता के जरिए उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास कार्यक्रम के तहत वर्ष 2020 से 2025 तक 10 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न योजनाएं धरातल पर उतारे जाने की जानकारी भी दी गई।

---Advertisement---

Leave a Comment