देश विदेश राज्य उत्तराखंड मनोरंजन अपराध धर्म लाइफस्टाइल प्रेस रिलीज़
---Advertisement---

जन्मदिन पर युवाओं के बीच पहुंचे धामी, बोले- नशे से दूर रहें और उत्तराखंड के लिए कुछ करें

By Smita Chouhan

Published on:

---Advertisement---

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित “युवा संकल्प दिवस” कार्यक्रम में युवाओं को प्रदेश के विकास में भागीदार बनने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा शक्ति विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की प्रमुख आधारशिला है। उन्होंने कहा कि युवाओं के बीच जन्मदिन मनाना उनके लिए सबसे बड़ा उपहार है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवा मेहनती, प्रतिभाशाली और चुनौतियों का सामना करने में सक्षम हैं। सरकार युवाओं को शिक्षा से कौशल, रोजगार से स्वरोजगार और स्टार्टअप से खेल तक आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने के लिए मजबूरी में प्रदेश से बाहर न जाना पड़े, इसके लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल तकनीक के कारण रोजगार की दुनिया तेजी से बदल रही है। युवाओं को इन नई तकनीकों और आधुनिक कौशल से जोड़ना समय की जरूरत है। सरकार पर्यटन, होमस्टे और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से भी युवाओं के लिए नए अवसर तैयार कर रही है।

मुख्यमंत्री ने राज्य युवा आयोग के गठन को युवाओं की आवाज को नीति निर्माण से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि आयोग युवाओं से जुड़े विषयों पर काम करने के साथ उन्हें नशे, साइबर अपराध और अन्य सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक करने में भी भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने नशे को युवाओं के भविष्य के लिए बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि जिन हाथों में किताब और हुनर होना चाहिए, उनमें नशा नहीं होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने साथियों को भी इससे बचाने का आह्वान किया।

अपने जन्मदिवस पर मुख्यमंत्री ने युवाओं से “तीन संकल्पों का गुलदस्ता” मांगा। उन्होंने बड़ा लक्ष्य तय कर मेहनत करने, नशे से दूर रहने और सफलता के बाद उत्तराखंड के विकास में अपना योगदान देने का संकल्प लेने को कहा। मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे जिस भी क्षेत्र में जाएं, एक अच्छे इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनने को प्राथमिकता दें।

---Advertisement---

Leave a Comment