देहरादून :- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को दून विश्वविद्यालय में दीक्षारम्भ सत्र 2026-27 और युवा संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय जीवन केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण चरण है।


मुख्यमंत्री ने 11.20 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बॉयोलॉजिकल साइंस प्रयोगशाला भवन और 17.39 करोड़ रुपये की लागत से बने केंद्रीय पुस्तकालय भवन का लोकार्पण किया। साथ ही दून यूनिवर्सिटी कम्युनिटी रेडियो स्टेशन 88.4 एफएम की शुरुआत भी की।


उन्होंने घोषणा की कि विश्वविद्यालय का केंद्रीय पुस्तकालय बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम से जाना जाएगा। इसके अलावा कम्युनिटी रेडियो स्टेशन के लिए दो पद सृजित किए जाएंगे, विद्यार्थियों के लिए दो इलेक्ट्रिक बसों की व्यवस्था होगी और विदेशी भाषा विभागों को मजबूत करने के लिए स्पेनिश, जर्मन, फ्रेंच, चीनी और जापानी भाषा विभागों में आवश्यक पदों का सृजन किया जाएगा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की युवा शक्ति विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है और राज्य सरकार आधुनिक शिक्षा, शोध, एआई, मशीन लर्निंग, बिग डेटा, स्टार्टअप और कौशल विकास के क्षेत्र में लगातार निवेश कर रही है।


उन्होंने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सरकार सहायता दे रही है, नकल विरोधी कानून लागू किया गया है और पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति मिली है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे विश्वविद्यालय में उपलब्ध अवसरों का पूरा लाभ उठाएं, नवाचार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ें तथा उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।







