टनकपुर/चंपावत :- उत्तराखंड के टनकपुर से महाराष्ट्र के पवित्र तीर्थ स्थल नांदेड़ साहिब के लिए बहुप्रतीक्षित साप्ताहिक एक्सप्रेस रेल सेवा का शुभारंभ हो गया। इस नई रेल सेवा के शुरू होने से सिख धर्म के श्रद्धालुओं को श्री हजूर साहिब नांदेड़ के दर्शन के लिए सीधी और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।





केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से इस रेल सेवा का शुभारंभ किया। वहीं, टनकपुर में आयोजित कार्यक्रम में रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।




इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वीडियो संदेश के माध्यम से शुभकामनाएं देते हुए इस रेल सेवा को दोनों राज्यों के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संबंधों को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।


पीलीभीत से वर्चुअल रूप से जुड़े सांसद जितिन प्रसाद ने भी इस महत्वपूर्ण रेल सेवा के संचालन के लिए केंद्रीय रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि टनकपुर-नांदेड़ साहिब एक्सप्रेस सेवा उत्तराखंड और महाराष्ट्र को जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी, जिससे धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी और दोनों राज्यों के बीच सामाजिक एवं सांस्कृतिक संबंध और अधिक मजबूत होंगे।







