हरिद्वार : हरिद्वार नगर निगम भूमि खरीद प्रकरण में धामी सरकार ने सख्ती की नई मिसाल पेश की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्कालीन नगर आयुक्त वरुण चौधरी को सेवा से बर्खास्त करने की संस्तुति करते हुए तत्कालीन जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह के विरुद्ध मेजर पनिशमेंट लागू करने का निर्णय लिया है।

जांच में पदीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही के आरोप सामने आने के बाद दोनों अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए मामला DoPT को भेजा जा रहा है। इसके अलावा उस समय के एसडीएम अजयवीर सिंह के खिलाफ परनिंदा प्रविष्टि दर्ज करने और उनकी तीन वेतनवृद्धियां रोकने के निर्देश भी दिए गए हैं।
धामी सरकार की यह कार्रवाई साफ संकेत देती है कि भ्रष्टाचार और जनधन के दुरुपयोग के मामलों में अब किसी पद, प्रभाव या हैसियत की ढाल काम नहीं आएगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित से कोई समझौता नहीं होगा तथा दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






