देश विदेश राज्य उत्तराखंड मनोरंजन अपराध धर्म लाइफस्टाइल प्रेस रिलीज़
---Advertisement---

अंक ही नहीं, चरित्र और संस्कार भी सफलता की असली पहचान: बंशीधर तिवारी

By Smita Chouhan

Published on:

---Advertisement---

देहरादून :- डीजी सूचना एवं मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि विद्यार्थियों को केवल अच्छे अंक और डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि ज्ञान, चरित्र, नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व को भी अपने जीवन का आधार बनाना चाहिए। उनका कहना था कि वास्तविक सफलता वही है, जिसमें पेशेवर उपलब्धियों के साथ मानवीय संवेदनाएं, परिवार के प्रति सम्मान और समाज के प्रति जिम्मेदारी भी शामिल हो।

वह देहरादून के नगर निगम टाउन हॉल ऑडिटोरियम में एसबीएस यूनिवर्सिटी और द टाइम्स ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘टाइम्स अचीवर्स 2026’ समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

अपने संबोधन में बंशीधर तिवारी ने कहा कि सफलता कभी अचानक नहीं मिलती, बल्कि यह निरंतर मेहनत, सीखने की इच्छा, अनुशासन और सकारात्मक सोच का परिणाम होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में आने वाली चुनौतियों से घबराने के बजाय उन्हें सीखने का अवसर समझें और हर अनुभव से खुद को बेहतर बनाने का प्रयास करें।

उन्होंने कहा कि करियर में सफलता व्यक्ति को पहचान और अवसर दिलाती है, लेकिन जीवन की वास्तविक संतुष्टि परिवार के मूल्यों का सम्मान करने, समाज के लिए सकारात्मक योगदान देने और नैतिक सिद्धांतों पर चलने से मिलती है। उन्होंने युवाओं से ईमानदारी, धैर्य, विनम्रता और कृतज्ञता जैसे गुणों को अपनाने का भी आह्वान किया।

डीजी सूचना ने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे भारत को ऐसे युवाओं की आवश्यकता है, जो तकनीकी और शैक्षणिक रूप से सक्षम होने के साथ-साथ नैतिक नेतृत्व और जिम्मेदार नागरिकता का भी परिचय दें। उन्होंने कहा कि आज का युवा देश के भविष्य का निर्माता है और उसकी सोच ही विकसित भारत की दिशा तय करेगी।

इस अवसर पर बंशीधर तिवारी ने एसबीएस यूनिवर्सिटी और द टाइम्स ऑफ इंडिया की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ‘टाइम्स अचीवर्स 2026’ जैसे आयोजन मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान करने के साथ-साथ उन्हें जीवन में बड़े लक्ष्य तय करने और उत्कृष्टता की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों, शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले संस्थानों को सम्मानित किया गया। इस दौरान शिक्षाविद, संस्थान प्रमुख, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

---Advertisement---

Leave a Comment