हरिद्वार, 4 अगस्त। धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान मंगलवार को आस्था, सेवा और सम्मान का भव्य दृश्य देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार ने देशभर से आए शिवभक्त कांवड़ियों का हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। हरकी पैड़ी से लेकर कांवड़ यात्रा मार्ग तक श्रद्धालुओं पर फूल बरसाए गए, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो गया।

अलकनंदा होटल परिसर में आयोजित विशेष समारोह में मुख्यमंत्री धामी ने पांच शिवभक्त कांवड़ियों का चरण प्रक्षालन कर उनका सम्मान किया। इसके बाद उन्होंने श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर अपने हाथों से भोजन परोसा और उनकी यात्रा की कुशलता की कामना की।



मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कांवड़ यात्रियों के लिए स्थापित मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का उद्घाटन भी किया। उन्होंने स्वास्थ्य शिविर में उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों से त्वरित उपचार, दवाइयों की उपलब्धता तथा आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।



मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार का संकल्प है कि देवभूमि आने वाले प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक वातावरण मिले। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की सनातन परंपरा, सामाजिक समरसता और सेवा की भावना का प्रतीक है। राज्य सरकार सभी संबंधित विभागों के समन्वय से यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।



मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष अब तक एक करोड़ से अधिक शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहरों के संरक्षण और विकास के लिए अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं।








