बद्रीनाथ :- बद्रीनाथ धाम में दान-चढ़ावा अनियमितता के मामले के बाद बद्री-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। जांच समिति के निर्देशों के तहत मंदिर परिसर, दान गणना कक्ष और अन्य संवेदनशील स्थानों को हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरों से पूरी तरह कवर कर दिया गया है।


सूत्रों के अनुसार बीकेटीसी ने उत्तराखंड पुलिस की एसआईटी को 18 पन्नों की अपनी आंतरिक जांच रिपोर्ट भी सौंप दी है। जांच के दौरान 22 जून और 25 जून की सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध गतिविधियां सामने आने की बात कही जा रही है।

बताया जा रहा है कि एसआईटी आज संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर सकती है। वहीं जांच को आगे बढ़ाते हुए एसआईटी ने 29 जून और 2 जुलाई की डीवीआर सीसीटीवी फुटेज भी अपने कब्जे में ले ली है। अब जांच एजेंसियां सभी फुटेज और दस्तावेजों का तकनीकी विश्लेषण कर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।







