अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर से कीमती वस्तुएं गायब होने की सोशल मीडिया पर चल रही खबरों को पूरी तरह भ्रामक बताया है। ट्रस्ट ने कहा कि मंदिर में भेंट स्वरूप प्राप्त लगभग 2,800 प्रकार की सभी सामग्रियों का पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित है और आवश्यकता पड़ने पर इसे सार्वजनिक भी किया जा सकता है।

सोमवार को हुई ट्रस्ट की बैठक में भविष्य में व्यवस्थाओं को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए एक छोटी समिति गठित करने का निर्णय लिया गया। 22 जुलाई को होने वाली अगली बैठक में एसआईटी जांच की प्रगति की समीक्षा, नए न्यासियों की नियुक्ति और सीईओ पद पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
उधर, विश्व हिंदू परिषद ने ट्रस्ट के फैसलों का सम्मान करने की बात कही है। वीएचपी के संयुक्त महासचिव सुरेंद्र जैन ने कहा कि केवल आरोप लगने से कोई व्यक्ति दोषी नहीं हो जाता। उन्होंने जांच पूरी होने तक किसी भी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचने और एसआईटी को निष्पक्ष तरीके से अपना काम करने देने की अपील की।







