हरिद्वार : सोमवती अमावस्या पर धर्मनगरी हरिद्वार एक बार फिर आस्था के महासागर में तब्दील हो गई। हर की पैड़ी समेत विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं का ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि पूरा शहर “हर-हर गंगे” के जयघोष से गूंज उठा।

शाम की गंगा आरती तक करीब 76 लाख 50 हजार श्रद्धालुओं ने मां गंगा में पवित्र डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मां गंगा का पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि और देश की खुशहाली की कामना की।
भारी भीड़ के बावजूद प्रशासन और पुलिस व्यवस्था पूरी तरह मुस्तैद रही। सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष इंतजाम किए गए, जिससे श्रद्धालुओं का स्नान और दर्शन सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

हालांकि शाम तक भी श्रद्धालुओं का आगमन जारी रहा और गंगा घाटों पर स्नान का सिलसिला लगातार चलता रहा। सोमवती अमावस्या के इस महापर्व ने एक बार फिर हरिद्वार को देश की आस्था की राजधानी बना दिया।







