पीपलकोटी, 14 अगस्त 2026। चमोली जिले के पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी टनल हादसे के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बेहद खराब मौसम के बावजूद पीपलकोटी पहुंचे। प्रतिकूल मौसम के कारण हेलीकॉप्टर की लैंडिंग चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में हुई, लेकिन मुख्यमंत्री सीधे रेस्क्यू स्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान का स्थलीय निरीक्षण किया।


मुख्यमंत्री ने प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के अधिकारियों से रेस्क्यू ऑपरेशन की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अभियान को और तेज करने तथा समन्वय के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।


मुख्यमंत्री रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों से भी मुलाकात करेंगे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि टनल में फंसे प्रत्येक श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकालना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सरकार के अनुसार सभी एजेंसियां युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं और अभियान लगातार जारी है।







