देहरादून, 09 अप्रैल 2026। राजधानी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत केहरी गांव में छात्र की मौत के मामले में फरार चल रहे दो मुख्य इनामी अपराधियों को पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी देहरादून द्वारा चलाए जा रहे ‘Operation Prahar’ के तहत यह बड़ी सफलता मिली है। पकड़े गए दोनों अभियुक्तों, प्रहलाद राज और अंकुर सिंह, पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
पश्चिम बंगाल के रिसॉर्ट में काटी फरारी
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार राज्य बदल रहे थे। सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस टीम को सूचना मिली कि आरोपी पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में छिपे हैं। पुलिस ने थाना बांगमुण्डी स्थित ‘आकाश रिसॉर्ट’ में दबिश देकर मुख्य अभियुक्त प्रहलाद राज और उसके साथी अंकुर सिंह को हिरासत में लिया। पुलिस अब इन्हें ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून ला रही है।
क्या था पूरा मामला?
बीती 23 मार्च 2026 की रात केहरी गांव में छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद हुआ था। मारपीट की इस घटना में एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने युवराज कुमार, मधुर खंडेलवाल, शिवम शर्मा और अंकित भारद्वाज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन मुख्य आरोपी फरार थे।